Shimla News: शिमला में नशे पर लगेगी लगाम, 15 दिनों के अंदर 37 तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
तस्करों की धरपकड़ के लिए थाना व चौकियों की पुलिस टीमें रोजाना रूटीन नाके लगाती है। रात भर नाके लगाकर नशे का कारोबार करने वालों को गिरफ्तार किया जाता है। पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है।
शिमला, जागरण संवाददाता। शिमला में नशे का काला कारोबार करने वालों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने पिछले 15 दिनों एनडीपीएस एक्ट के तहत 37 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास ने नशीली सामग्री (चिट्टा, हेरोइन, भांग, अफीम, चरस सहित प्रतिबंधित दवाएं) पकड़ी है।
नशे पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का प्लान
पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि आरोपित कहां से नशीली सामग्री खरीद कर लाए थे और किसे इसे आगे बेचने वाले थे। पुलिस ने सभी थाने व चौकियों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
बता दें कि, इनकी धरपकड़ के लिए थाना व चौकियों की पुलिस टीमें रोजाना रूटीन नाके लगाती है। रात भर नाके लगाकर नशे का कारोबार करने वालों को गिरफ्तार किया जाता है। पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। शिमला शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है।
नशे की सामग्री के साथ दो गिरफ्तार
शनिवार देर रात को थाना पुलिस ने 2.52 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान अनिल कुमार निवासी गांव जरोल तहसील कुमारसैन के तौर पर की गई है। दूसरा मामला नेरवा थाने का है। पुलिस ने 3.84 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान राहुल पांटा निवासी गांव थाली डाकघर जिकनीपुल चौपाल के तौर पर की गई है।
यह भी पढ़ें BJP Meeting in Una: भाजपा सबका समावेशी विकास चाहती हैं: जनरल वीके सिंह
कब कितने गिरफ्तार
पुलिस ने 21 जनवरी को दो अलग अलग मामलों में 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 26.89 ग्राम नशीली सामग्री बरामद हुई। 23 जनवरी को 3 आरोपित गिरफ्तार हुए। 386.98 ग्राम नशीली सामग्री पकड़ी गई। 24 से 30 जनवरी तक 4 आरोपित गिरफ्तार किए। 31 जनवरी को पुलिस ने 6 आरोपित गिरफ्तार किए। इनके पास से 39.99 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। 1 फरवरी को 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। दो जनवरी को 5, तीन को 4, चार जनवरी को 4 व पांच को 2 आरोपित गिरफ्तार किए गए।
यह भी पढ़ें Mandi News: घास में आग लगने से जिंदा जला व्यक्ति, नहीं चला कारणों का पता, जांच में जुटी पुलिस
बस में मिली थी चरस, कौन ला रहा था यह पता नहीं चला
2 जनवरी को पुलिस को एचआरटीसी की बस में एक बैग मिला। इस बैग में 2 किलो 800 ग्राम चरस रखी थी। यह बैग कौन छोड़कर गया था। इसे कहां पहुंचाया जाना था इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है।