विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में सांगला-छितकुल मार्ग से 120 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, DRDA प्रोग्राम मैनेजर की मौत व एक घायल

By Shikha Verma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 23 Aug 2026 05:00 PM (IST)Updated: Sun, 23 Aug 2026 05:22 PM (IST)

हिमाचल के किन्नौर में सांगला-छितकुल मार्ग पर एक कार 120 मीटर गहरी खाई में गिरने से डीआरडीए प्रोग्राम मैनेजर कमल मेहता की मौत हो गई।

किन्नौर में सांगला-छितकुल मार्ग से दुर्घटनाग्रस्त कार। जागरण

किन्नौर में सांगला-छितकुल मार्ग से दुर्घटनाग्रस्त कार। जागरण

HighLights

  1. कार किन्नौर के सांगला-छितकुल मार्ग पर खाई में गिरी।

  2. डीआरडीए प्रोग्राम मैनेजर कमल मेहता की मौके पर मौत।

  3. हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।

संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश में जिला किन्नौर के सांगला-छितकुल मार्ग पर बटसेरी के समीप रविवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर करीब 120 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन चालक एवं मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 34 वर्षीय कमल मेहता के रूप में हुई है, जो जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित डीआरडीए कार्यालय में जिला प्रोग्राम मैनेजर के पद पर तैनात थे।

हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान 28 वर्षीय मुनीष चौहान निवासी गांव व डाकघर बखोल, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है। 

बटसेरी के पास अनियंत्रित हुआ वाहन

रविवार सुबह करीब चार बजे कमल मेहता अपनी कार एचपी-06बी-4640 (स्विफ्ट डिजायर) में मुनीष चौहान के साथ रक्छम से सांगला की ओर जा रहे थे। बटसेरी के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से करीब 120 मीटर नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 

हादसा इतना भीषण था कि कमल मेहता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनीष चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। 

घायल की हालत भी गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही सांगला थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रामपुर रेफर कर दिया।

क्या कहते हैं एसपी

एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। 

फौरी राहत दी

तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है, जबकि घायल को 5 हजार रुपये की राहत राशि दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: भारी बारिश से मणिमहेश यात्रा मार्ग क्षतिग्रस्त, भरमौर प्रशासन ने रोके श्रद्धालु; ADM ने टीम के साथ लिया जायजा