सांस्कृतिक उत्सव में सरस्वती नगर महाविद्यालय विजेता
जुब्बल सामाजिक संस्था यसास द्वारा नेहरु युवा केंद्र भारत सरकार जिला शिमला के सौजन्य से पैलेस व्यू जुब्बल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, जुब्बल : जुब्बल सामाजिक संस्था यसास ने नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से पैलेस व्यू जुब्बल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य शारदा धौल्टा मुख्य अतिथि रहीं। व्यापार मंडल जुब्बल के अध्यक्ष दलीप चौहान और डॉ. पूनम मैहता विशेष अतिथि और यसास संस्था के अध्यक्ष यशपाल शर्मा मुख्य वक्ता उपस्थित रहे। सहायक आचार्य रिपन शर्मा, डॉ. निर्मल चौहान एवं सविता भारद्वाज मुख्य निर्णायक रहे। कविता मैहता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिसमें समूह नृत्य, समूह गान, एकल नृत्य, एकल गान एवं लघु नाटिका रही। उत्सव में 11 टीमों के 175 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर ने प्राप्त किया। समूह नृत्य में द्वितीय स्थान महिला मंडल धार व तृतीय स्थान महिला मंडल फिगडी ने प्राप्त किया। एकल नृत्य में महाविद्यालय की छात्रा राधिका ने पहला, वंशिका ने दूसरा एवं आशिमा मोख्टा ने तृतीय स्थान हासिल किया। एकल नृत्य में दिव्या ने प्रथम, कविता मेहता ने द्वितीय व महिला मंडल धार की सदस्य ने तीसरा स्थान हासिल किया। समूहगान में सरस्वती नगर महाविद्यालय ने प्रथम, महिला मंडल सुंडली ने दूसरा व महिला मंडल संतोषी नगर ने तीसरा स्थान हासिल किया। लघु नाटक में सरस्वती नगर महाविद्यालय ने पहला और महिला मंडल सरहाना ने दूसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अथिति ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अथिति शारदा धौलटा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिए। डॉ. पूनम मेहता ने कहा कि इस आयोजन से घरेलू महिलाओं को खासकर जो मंच दिया गया है वह एक अनूठा प्रयास है। मुख्य वक्ता यशपाल शर्मा ने कहा कि संस्था को इस उत्सव मनाने का अवसर प्राप्त हुआ यह हमारे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर शालू डोगरा शर्मा, अरुण भावता, धर्मेद्र शर्मा, विनीत सिर्टा, दलबीर हांस्ता, महिला मंडल सूंडली की अध्यक्षा सुलोचना शर्मा आदि मौजूद रहीं।