विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के सेब मंडियों में मनमानी करने वाले आढ़तियों पर शिकंजा, किसान को तुरंत देना होगा पैसा; आनाकानी की तो लाइसेंस रद

Published: Sat, 19 Sep 2026 05:50 AM (IST)

सेब सीजन के बीच हिमाचल प्रदेश की मंडियों में नियमों की अनदेखी करने वाले 12 आढ़तियों पर कृषि उपज मंडी समितियों ने शिकंजा कसा है।

सेब मंडियों में आढ़तियों पर कसा शिकंजा, 12 के चालान।

सेब मंडियों में आढ़तियों पर कसा शिकंजा, 12 के चालान।

HighLights

  1. सेब मंडियों में नियमों की अनदेखी पर आढ़तियों पर कार्रवाई

  2. हिमाचल प्रदेश में 12 कमीशन एजेंटों के चालान किए गए

  3. किसानों को तत्काल भुगतान न करने पर लाइसेंस रद होगा

राज्य ब्यूरो, शिमला। सेब सीजन के बीच मंडियों में नियमों की अनदेखी करने वाले आढ़तियों पर कृषि उपज मंडी समितियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर तथा एपीएमसी सोलन ने अपनी-अपनी सेब मंडियों में प्रवर्तन अभियान शुरू किया है।

अब तक नियमों के उल्लंघन पर 12 कमीशन एजेंटों (आढ़तियों) के चालान किए गए हैं।अभियान के तहत एपीएमसी सोलन ने सात कमीशन एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर ने पांच आढ़तियों के चालान किए हैं। मंडी समितियों ने स्पष्ट किया है कि सेब कारोबार में निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

विशेष दिशानिर्देश जारी कर किसानों को भुगतान को लेकर भी सतर्क किया है। हिमाचल प्रदेश कृषि एवं औद्यानिकीय उपज विपणन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 2005 और हिमाचल प्रदेश कृषि एवं औद्यानिकीय उपज विपणन (साधारण) नियम, 2006 के तहत मंडी में कृषि उपज बिकने के बाद आढ़ती द्वारा किसान को बिक्री राशि का तत्काल भुगतान किए जाने का प्रविधान है।

यदि नहीं किया जाता है तो लाइसेंस रद किया जाएगा। मंडी बोर्ड ने किसानों-बागबानों से भी अपील की है कि वे अपनी सेब की उपज यूनिवर्सल कार्टन में ही मंडियों में लाएं और सेब की ग्रेडिंग निर्धारित निर्देशों के अनुरूप करवाना सुनिश्चित करें।

मंडी परिसरों में किसी भी तरह की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की शिकायत किसान वॉट्सऐप नंबर 9459172727 पर कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 पर कर सकते हैं। बोर्ड ने चेताया है कि भुगतान नहीं करने वाले आढ़ती का लाइसेंस रद किया जा सकता है।