विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जयचंदों और स्लीपर सेल से नहीं चलेगी कांग्रेस...', हिमाचल के कैबिनेट मंत्री ने अपनी ही पार्टी पर कसा तंज

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:42 PM (IST)

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कांग्रेस संगठन के फैसलों पर सवाल उठाए, जिला कांग्रेस कमेटी को 'जयचंदों और स्लीपर सेल' से न चलने की बात कही।

जगत नेगी बोले- जयचंदों और स्लीपर सेल से नहीं चलेगा संगठन।

जगत नेगी बोले- जयचंदों और स्लीपर सेल से नहीं चलेगा संगठन।

HighLights

  1. नेगी ने कांग्रेस संगठन के फैसलों पर सवाल उठाए, 'जयचंदों' को घेरा।

  2. जिला कांग्रेस कमेटी में असली कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का आरोप।

  3. केंद्र सरकार की नीतियों, महंगाई और किशाऊ बांध पर भी निशाना साधा।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल के राजस्व मंत्री एवं किन्नौर विधायक जगत सिंह नेगी ने अब पार्टी शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेंटी के फैसलों पर भी प्रश्न खड़े किए और विरोधियों को भी निशाने पर लिया।

नेगी ने जिला कांग्रेस कमेटी पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि संगठन जयचंदों और स्लीपर सेल से नहीं चल सकता। उनका आरोप था कि डीसीसी की भंग की गई कार्यकारिणी में असली किन्नौर कांग्रेस के एक भी व्यक्ति को जगह नहीं दी गई थी।

'पार्टी के साथ नहीं रहे उन्हें संगठन में किया गया शामिल'

उन्होंने कहा कि असली कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर 56 ऐसे लोगों को संगठन में शामिल किया गया, जो कभी पार्टी के साथ रहे ही नहीं। इससे संगठन में लोकतंत्र खत्म होने की स्थिति बनी है।

किन्नौर में कल्पा, निचार और पूह ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों (बीसीसी) की कार्यकारिणी भंग करने के निर्णय को उन्होंने गलत करार दिया। नेगी ने कहा कि तीनों ब्लॉक कमेटियां अपना काम कर रही थीं, ऐसे में उन्हें भंग करने का कोई औचित्य नहीं था।

निगम भंडारी को किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से पार्टी के भीतर चल रही खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। नेगी पहले ही भंडारी की नियुक्ति को लेकर शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठा चुके हैं।

अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक फैसले पर भी उनकी असहमति सामने आई है। हालांकि उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) की कार्यकारिणी भंग करने के फैसले को सही बताया।

मोदी की जन्मतिथि पर भी तीखा हमला

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि को लेकर नेगी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक दशक में विकास के नाम पर इवेंट मैनेजमेंट अधिक दिखाई दिया है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, रुपये की स्थिति और विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।

किशाऊ करार पर जयराम ठाकुर को घेरा

किशाऊ बांध परियोजना को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के धन्यवाद संबंधी बयान पर भी नेगी ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार के समय ऐसा समझौता हुआ था, जिसमें पानी हमारा, जमीन हमारी, लेकिन हिमाचल को कुछ नहीं मिलता। नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल के हितों के लिए संघर्ष कर बिजली में हिस्सेदारी सुनिश्चित कराई है।