चार्जशीट के नाम पर धमकियां देना बंद करें मुख्यमंत्री : सुक्खू
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने कहा है कि भाजपा की चार्जशीट से डरने वाली नहीं है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने कहा है कि भाजपा की चार्जशीट से पार्टी न डरी है और न डरेगी। भाजपा की चार्जशीट झूठ का पुलिंदा है। मुख्यमंत्री चार्जशीट के नाम पर धमकियां देना बंद करें। नोटबंदी के दो साल पूरा होने पर नौ नवंबर को प्रदेश में काला दिवस मनाया जाएगा।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश व देश की सभी सर्वोच्च जाच एजेंसिया भाजपा सरकारों के अधीन हैं। मुख्यमंत्री जिस मर्जी एजेंसी से चार्जशीट की जाच करवा लें, कुछ नहीं होने वाला है। भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल की चार्जशीट तैयार करने के लिए काग्रेस कमेटी जल्द बनाएगी। भाजपा सरकारों की पोल खोलेगी कांग्रेस, राज्यव्यापी आंदोलन होगा
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नाकामिया उजागर करने के लिए कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। नौ नवंबर को निरमंड से इसकी शुरुआत होगी। वहीं, 10 नवंबर को ठियोग में भाजपा सरकारों की पोल खोलेंगे। नोटबंदी देश के इतिहास का काला अध्याय है जिससे देश को भारी नुकसान हुआ है। महंगाई चरम पर है। पेट्रोल व डीजल की कीमतें आज सबसे ऊंचे स्तर पर हैं। किसी के खाते में 15-15 लाख रुपये नहीं आए हैं।