SIR के विरोध में कांग्रेस का आज शिमला में प्रदर्शन, CM सुक्खू समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में शिमला में निर्वाचन विभाग के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
-1790274255360_m.webp)
SIR के विरोध में कांग्रेस का आज शिमला में प्रदर्शन। फाइल फोटो
HighLights
कांग्रेस ने एसआइआर मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची मुद्दों पर स्पष्टीकरण की मांग की।
राज्य ब्यूरो, शिमला। मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शुक्रवार को शिमला के कसुम्पटी स्थित निर्वाचन विभाग के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और जिलाभर से कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस ने एसआइआर की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े कई मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग की निष्पक्षता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।
एसआईआर की प्रक्रिया से जुड़े अन्य मुद्दों पर स्पष्टीकरण की मांग
उन्होंने तीन सदस्यीय आयोग में दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद लिए गए निर्णयों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हाल में सामने आई रिपोर्टों में भी दो चुनाव आयुक्तों की ओर से एसआइआर और मतदाता सूची से जुड़े निर्णयों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
कांग्रेस ने मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण, फार्म-6 में बदलाव, मतदाता डाटा के केंद्रीकरण और एसआइआर की प्रक्रिया से जुड़े अन्य मुद्दों पर स्पष्टीकरण की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन विषयों पर निर्वाचन आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में आवाज उठाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के भरोसे से जुड़ा विषय है। हालांकि ये सभी आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं। निर्वाचन आयोग भारत में चुनाव प्रक्रिया का संवैधानिक प्रबंधन करने वाली संस्था है और मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार कार्यरत हैं।
