बाबा रामदेव और तबादलों से जयराम सरकार पर वार
रामदेव को जमीन, कर्मचारियों के तबादलों, इलेक्ट्रिक बसों की खरीद में गड़बड़ी का आरोप, 17 पेज की चार्जशीट में 35 बिंदुओं के तहत लगाए गए हैं आरोप।
शिमला, राज्य ब्यूरो। ठीक उस समय, जब हिमाचल की भाजपा सरकार धर्मशाला में एक साल पूरा होने का जश्न मना रही थी, उसी समय कांग्रेस ने चार्जशीट जारी कर दी। चार्जशीट में योगगुरु बाबा रामदेव को चार्जशीट के मुख्य बिंदु के तौर पर पेश किया गया। लेकिन मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के प्रमाण नहीं मिले जिससे इसका वजन कुछ कम हो गया। आरोप पत्र में कहा है कि 100 करोड़ मूल्य की जमीन ढाई करोड़ रुपये में दी गई। भाजपा कार्यकाल को तबादला उद्योग चलाने से जोड़ा है।
सरकार पर वादे पूरे करने में असफल रहने का आरोप भी लगाया है। कानून व्यवस्था बिगड़ी है, वित्तीय स्थिति खराब हुई और सरकारी धन का अपव्यय जैसे आरोप लगाए हैं। 17 पेज की चार्जशीट में 35 बिंदुओं के तहत आरोप लगाए हैं। चार्जशीट में सरकार के मंत्रियों पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया है। आरोपों
को सत्यापित करने के लिए किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं था। आरोप लगाया है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए सरकार वर्दी नहीं खरीद सकी।
एक कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों की खरीद प्रक्रिया में बदलाव किया। भाजपा नेताओं के खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के केस वापस लेने, 69 एनएच की डीपीआर तैयार करने में देरी, चोर दरवाजे से सरकारी विभागों में आउटसोर्स पर भर्तियां, 600 करोड़ का ब्रिक्स प्रोजेक्ट दो हलकों में सीमित करने इत्यादि के आरोप हैं।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष
रामलाल ठाकुर, सह अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, नंद लाल, गंगूराम मुसाफिर, विजय पाल सिंह, कर्नल धनीराम शांडिल, कौल सिंह ठाकुर, पवन काजल, विक्रमादित्य सिंह, रोहित ठाकुर सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को जनता की अदालत में लेकर जाएंगे, ताकि लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर भाजपा को पराजित किया जा सके। मोदी को चाहिए था कि सरकार ने जो साढे़ तीन हजार करोड़ का कर्ज लिया है, उस कर्ज को माफ करके जाते।
-सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष।
प्रदेश में सरकार नहीं तबादला उद्योग चल रहा है। सरकारी कर्मचारियों का पहले तबादला किया जाता है। उसके बाद तबादला रोकने के लिए अंदरखाते पैसा लिया जा रहा है। बाबा रामदेव को 100 करोड़ की जमीन कौड़ियों के भाव क्यों दी गई।
-रामलाल ठाकुर, अध्यक्ष चार्जशीट कमेटी।
झूठ का सहारा लेकर भाजपा ने सत्ता प्राप्त की है। कांग्रेस सरकार के समय की योजनाओं का उद्घाटन करके भाजपा वाहवाही लूट रही है। एक भी नई इमारत नहीं बनी है, जिसका भाजपा सरकार ने उद्घाटन किया हो।
-मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष।
जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास से कांग्रेस बौखला गई है। इसी बौखलाहट में कांग्रेस ने राज्यपाल को बिना चार्ज की चार्जशीट थमाई है। यह चार्जशीट नहीं कांग्रेस के प्रेस नोटों का पुलिंदा है। यह
भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन के सरकार के संकल्प का सबसे बड़ा सुबूत है।
-रणधीर शर्मा, मुख्य प्रवक्ता भाजपा