केरल के जख्मों पर मरहम लगाएंगे कांग्रेस विधायक
केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक भी अंशदान करेंगे
राज्य ब्यूरो, शिमला : केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक अंशदान करेंगे। यह अंशदान एक माह का वेतन होगा या कुछ और, यह निर्णय 22 अगस्त को पार्टी विधायक दल की होने वाली बैठक में लिया जाएगा। यह बैठक कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में शिमला में होगी। इसमें केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राशि देने और विधानसभा के मानसून सत्र के लिए भी रणनीति तैयारी की जाएगी।
पिछले शनिवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस की बैठक के दौरान सभी राज्यों के पार्टी विधायकों को एक माह का वेतन केरल के बाढ़ प्रभावितों को देने को कहा था। माना जा रहा है कि हिमाचल के काग्रेस विधायक एक माह का वेतन नहीं, बल्कि कुछ राहत राशि एकत्रित करने के पक्ष में है। इसके लिए तर्क दिया जा रहा है कि प्रदेश में बरसात के दौरान सभी जिलों में भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रदेश के लोगों की मदद विधायकों की पहली प्राथमिकता है। हालांकि केरल के लिए अंशदान किया जाना भी ठीक है। प्रदेश में काग्रेस के 21 विधायक है। वे 22 विधायक दल की बैठक में इस मसले पर निर्णय लेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश का पालन किया जाएगा। इसके लिए सभी विधायकों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा, ताकि केरल में जरुरतमंदों की यथासंभव मदद की जा सके।
-मुकेश अग्निहोत्री, काग्रेस विधायक दल नेता।