राफेल मुद्दे को बेवजह तूल दे रही भाजपा : राणा
राफेल मुद्दे को भाजपा बेवजह तूल दे रही है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : राफेल मुद्दे को भाजपा बेवजह तूल दे रही है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान है, लेकिन भाजपा की नीयत में खोट है। यह बात सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने रविवार को जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के राफेल विमान मामले पर दिए फैसले का कांग्रेस पार्टी सम्मान करती है लेकिन भाजपा इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर बेवजह तूल दे रही है। सर्वोच्च न्यायालय पर जनता का पूरा विश्वास है, लेकिन भाजपा न्यायालय के निर्णयों पर अपना हक जताकर वाहवाही लूटने में लगी है। कांग्रेस पार्टी व राहुल गांधी ने राफेल की कीमत पर सवाल उठाए थे। 500 करोड़ की कीमत वाले राफेल विमान को सरकार ने 1600 करोड़ रुपये में खरीदा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के जनहित मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। केंद्रीय एजेंसियों को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है। दबाव की इस राजनीति के परिणाम आने वाले समय में देश को भुगतने होंगे। उन्होंने पूछा कि सरकार बताए कि देश की अर्थव्यवस्था को किसने बिगाड़ा। किसकी गलत नीतियों से उद्योग बंद हो रहे हैं और करोड़ों लोग क्यों बेरोजगार हो रहे हैं। भाजपा को इन मुद्दों पर जनता को जवाब देना होगा, जिससे जनता का विश्वास लोकतंत्र पर बना रहे।