इंटरनेट मीडिया के जरिये भ्रम फैला रही भाजपा : दत्त
प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने आरोप लगाया कि भाजपा इंटर
जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने आरोप लगाया कि भाजपा इंटरनेट मीडिया के जरिये कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के बारे में झूठ बोल कर लोगों में भ्रम फैलाती रही है। कांग्रेस को भाजपा के इस दुष्प्रचार से लोगों को जागरूक करना है। इसके साथ कांग्रेस की नीतियों को भी प्रचारित करना है।
शिमला में मंगलवार को हुई प्रदेश कांग्रेस इंटरनेट मीडिया विभाग व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों की बैठक में संजय दत्त ने इंटरनेट मीडिया विभाग को सभी अग्रणी संगठनों से तालमेल से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकजुटता के साथ ही पार्टी अपने किसी भी लक्ष्य पर विजय पा सकती है। आधुनिक युग में इंटरनेट नेटवर्किंग एक ऐसा प्रभावी माध्यम बन गया है, जिससे कोई न कोई अपने अपने ढंग से जुड़ा है। समय-समय पर पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने व पार्टी के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंटरनेट मीडिया विभाग को और सशक्त बनाने और इसके साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के साथ पार्टी के हर कार्यकर्ता को जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने इंटरनेट मीडिया टीम के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि कांग्रेस के खिलाफ भाजपा के हर दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब दिया जाना चाहिए। कांग्रेस इंटरनेट मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को इंटरनेट मीडिया के साथ जोड़ा गया है। विभाग की टीम एकजुट होकर कार्य कर रही है। बैठक में कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, एनएसयूआइ के अध्यक्ष छतर सिंह आदि मौजूद रहे।