अन्य राज्यों के वाहनों पर कंपोजिट फीस में बढ़ोतरी
हिमाचल में अन्य राज्यों के वाहनों पर कंपोजिट फीस (संमिश्र शुल्क) में बढोतरी की गई है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में अन्य राज्यों के वाहनों पर कंपोजिट फीस (संमिश्र शुल्क) में बढ़ोतरी की गई है। शुल्क वसूलने की मौजूदा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मंत्रिमंडल की बैठक में इस फीस पर फैसला लिया गया है। अब इसे दैनिक आधार पर चुकाना होगा। पहले इसका भुगतान मासिक आधार पर होता था।
यह शुल्क दूसरे राज्यों से काफी कम था। परिवहन विभाग के शुल्क बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। अब सरकार को सालाना 30 करोड़ की आय प्राप्त होगी। व्यवस्था बदलने से 12 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो सकेगी। अभी सालाना 18 करोड़ रुपये प्राप्त हो रहे हैं। प्रधान सचिव (राजस्व) जेसी शर्मा ने बताया कि हिमाचल में कंपोजिट फीस पड़ोसी राज्यों से कम थी। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने से दोहरा लाभ होगा। राज्य को अतिरिक्त राजस्व मिलने के साथ मोटर व्हीकल नियम का उल्लंघन भी रुकेगा। प्रदेश में अन्य राज्यों से रोजाना हजारों वाहन आते हैं। इनकी संख्या आठ से 10 हजार के बीच होती है। इनमें ट्रकों से लेकर ट्रेवलर व बसें शामिल हैं। पिछले दिनों सरकार ने अन्य राज्यों के वाहनों से जुड़ी यूनियन के पदाधिकारियों ने भी मुलाकात की थी। उन्होंने कंपोजिट शुल्क में बढ़ोतरी न करने का आग्रह किया था। लेकिन राज्य सरकार ने अतिरिक्त आय सृजित करने के लिए कठोर कदम उठाया है।