धूप खिली, ठंड से राहत नहीं
प्रदेश में धूप के खिलने के बावजूद ठंडी हवाओं से हाड कंपाने वाली ठंड का दौर जारी है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल प्रदेश में कुछ दिन से धूप खिल रही है, लेकिन ठंडी हवाओं से हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी है। ऐसे में मौसम खुलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। ऊपरी क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी से दिक्कतें बरकरार हैं। प्रदेश के पांच स्थानों केलंग, कल्पा, मनाली, कुफरी और डलहौजी में तापमान जमाव बिदु से नीचे चल रहा है।
वीरवार को भी दिन की शुरुआत खिली धूप से हुई, लेकिन दोपहर बाद बादल उमड़ने लगे। कुछ क्षेत्रों में धुंध के छाने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। शिमला और ऊना के अलावा कुछ अन्य स्थानों में धुंध पड़ने से लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने 11 फरवरी से मौसम के फिर से तेवर बदलने की संभावना जताई है, लेकिन तब तक धूप खिली रहेगी। सुबह और शाम को कड़ाके की ठंड पड़ती रहेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। वहीं भारी बर्फबारी और बारिश की वजह से प्रदेश में अभी भी करीब 150 सड़कें यातायात के लिए ठप हैं। बाक्स
प्रदेश में तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
केलंग,-12.6,-2.1
कल्पा,-6.8,0.3
मनाली,-3.4,10.6
कुफरी,-1.2,2.3
डलहौजी,-0.2,3.6
शिमला,0.7,11.0
सोलन,0.6,15.2
ऊना,3.8,19.6