शीतलहर की चपेट में पहाड़
तापमान में भारी गिरावट से पूरा हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है
जागरण संवाददाता, शिमला : तापमान में भारी गिरावट से पूरा हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। दिनभर धूप खिलने के बावजूद कई जगह पर पारा सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है तो ऊपरी क्षेत्रों में माइनस डिग्री में पहुंच चुका है। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा के पांगी और भरमौर आदि क्षेत्रों का तापमान जमाव बिंदु से काफी नीचे चला गया है। ऐसे में इन इलाकों में पानी जमना शुरू हो गया है। रविवार को केलंग का पारा माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि पर्यटन नगरी मनाली में भी पारा जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। जम्मू एवं कश्मीर में पश्चिमी हवाओं की सक्रियता के कारण हिमाचल के तापमान में भी जबरदस्त बदलाव दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग की माने तो जम्मू एवं कश्मीर में सक्रिय हुई पश्चिमी हवाएं 22 दिसंबर को प्रदेश का रुख करेंगी, जिसके प्रभाव से मौसम में भी परिवर्तन आएगा। उसके बाद अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार खराब मौसम की यह स्थिति 26 दिसंबर तक बनी रह सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को ऊना का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान केलंग में -10.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार को राजधानी शिमला में सुबह से ही धूप खिली रही, लेकिन दिनभर चली ठंडी हवाओं की वजह से खूब कंपकंपी रही। इससे धूप का मजा किरकिरा रहा। खुशनुमा मौसम के चलते राजधानी की वादियों का आनंद लेने पहुंचे दूसरे राज्यों के पर्यटक भी ठंडी हवाओं से जूझते रहे। प्रदेश के तापमान की स्थिति
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,4.6,13.6
सुंदरनगर0.0,21.8
भुंतर,-1.0,16.6
कल्पा,-0.8,7.2
धर्मशाला,5.2,13.4
ऊना,2.7,25.0
नाहन,6.5,20.2
सोलन,1.5,19.0
चंबा,1.0,16.4
मनाली,-3.0,10.0
मंडी,5.2,18.5