हिमाचल में 275000 सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले, सरकार ने किया 5 फीसदी DA देने का एलान
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिवाली से पहले पौने तीन लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 5% डीए की घोषणा की है।

हिमाचल सुखविंदर सिंह सुक्खू (फाइल फोटो)
HighLights
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 5% डीए देने की घोषणा
क्लास फोर कर्मचारियों को ₹10,000 पे रिवीजन एरियर मिलेगा
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध और बीबीएमबी विवाद पर भी बात की
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में दीवाली से पहले मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के पौने तीन लाख सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स के लिए बड़ा एलान किया है।
शुक्रवार को शिमला में प्रेस वार्ता में सीएम ने 5 प्रतिशत डीए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लास फोर कर्मचारियों को 5 प्रतिशत डीए के अलावा 10 हजार रुपये पे रिवीजन एरियर देने का ऐलान किया। 1 नवम्बर को वेतन के साथ DA जारी हो जाएगा।
इसी के साथ किशाऊ बांध परियोजना पर मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। सीएम सुक्खू ने बीजेपी सांसदों को घेरते हुए कहा कि भाजपा के कुछ सांसदों को मामले की पूरी जानकारी नहीं है और वे केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, जब किशाऊ बांध के मामले में हिमाचल के हितों की अनदेखी हो रही थी, तो वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक से उठने वाले थे। उन्होंने विरोध किया, जिसके बाद हिमाचल की शर्तें मानी गईं।
बीबीएमबी की लड़ाई भी जीतेंगे: मुख्यमंत्री
सीएम ने कहा कि सरकार बीबीएमबी के मामले में भी हिमाचल के हितों की लड़ाई जीतेगी। उनके अनुसार, फिलहाल पंजाब की ओर से कुछ आनाकानी हो रही है। सुक्खू सुक्खू ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और भाजपा हाईकमान भी प्रदेश के नेताओं से दुखी है।
