अपने बयान का अवलोकन करें मुख्यमंत्री : मुकेश
हिमाचल को क्वारंटाइन डेस्टिनेशन बनाने को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस मुखर हो गई है।
जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश को क्वारंटाइन डेस्टिनेशन बनाने को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस मुखर हो गई है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में 100 से भी कम वेंटीलेटर हैं, क्या आप इन्हें कोरोना डेस्टिनेशन बनाएंगे। मुख्यमंत्री का अपने कार्यकाल में यह सबसे गलत व गैर जिम्मेदाराना बयान है। अग्निहोत्री ने कहा कि गलत बात को बार-बार कहकर यदि मुख्यमंत्री सोचते हैं कि वह सही हो जाएगा, तो यह गलत है। मुख्यमंत्री विपक्ष को कोसने के बजाय अपने बयान का अवलोकन करें। मुख्यमंत्री के पास पर्यटन विभाग का जिम्मा भी है, उन्हें प्रदेश के पर्यटन उद्योग को विशेष पैकेज देना चाहिए था। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार मंत्रिमंडल के निर्णयों को लागू नहीं कर पा रही है। कई घोटाले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग में खरीद के लिए टेंडर लग रहे हैं, लेकिन फाइनल नहीं हो रहे हैं। सरकार प्रदेश के लोगों को बताए कि उसका एक्शन प्लान क्या है। कोरोना काल में जिनकी नौकरियां गई हैं, उन्हें क्या नौकरियां दिलाई जाएंगी। निजी क्षेत्रों में लोगों कावेतन कट रहा है। अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना वॉरियर्स पर फूल बरसाए जा रहे हैं और हरोली में पुलिस कर्मचारी के साथ भाजपा कार्यकर्ता बदसलूकी कर रहे हैं।