स्पेशल ओलंपिक भारत हिमाचल प्रदेश को खेल संघ के दर्जे पर विचार
प्रदेश सरकार स्पेशल ओलंपिक भारत हिमाचल प्रदेश को खेल संघ का दर्जा देने और राज्य खेल नीति में बोद्धिक रूप से अक्षम लोगों को शामिल करने की मांग पर विचार करेगी। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वीरवार को अपने निवास ओकओवर में दिव्यांग खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।
राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश सरकार स्पेशल ओलंपिक भारत हिमाचल प्रदेश को खेल संघ का दर्जा देने और राज्य खेल नीति में बौद्धिक रूप से अक्षम लोगों को शामिल करने की मांग पर विचार करेगी। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को अपने निवास ओकओवर में दिव्यांग खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही। स्पेशल ओलंपिक में भाग लेने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों की टीम मुख्यमंत्री से मिलने आई थी। यह दिव्यांग 14 से 21 मार्च तक आबुधाबी में होने वाली 15वें विश्वस्तरीय ग्रीष्म खेल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं।
इस मौके पर जयराम ने कहा कि स्पेशल ओलंपिक हिमाचल प्रदेश ने मनाली और नारकंडा में स्पेशल ओलंपिक भारत के लिए शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य सरकार इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने राज्य कल्याण विभाग की ओर से सभी सात विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इनमें निशा, विनोद, अभिषेक, चिराग, शुभम, पूजा और रघुनाथ शामिल है। इसके अतिरिक्त जतिन सूद ने भी इस आयोजन में संयुक्त सहयोगी के रूप में भाग लिया।