Himachal: शिमला में बागवानों से धोखाधड़ी में सीआइडी ने महाराष्ट्र में हिरासत में लिए दो आढ़ती
Fraud Case In Shimla. सेब बागवानों से धोखाधड़ी के 92 मामले दर्ज हैं। इनमें से एसआइटी अब तक 30 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। Fraud Case In Shimla. हिमाचल प्रदेश की सीआइडी टीम ने महाराष्ट्र में दो जगहों पर दबिश देकर दो आढ़तियों को हिरासत में लिया है। इन पर शिमला में दो बागवानों से करीब 24 लाख की धोखाधड़ी का आरोप है। सीआइडी की एसआइटी अरसे से इन पर नजर रख रही थी। जांच एजेंसी ने इनसे पूछताछ कर रही है। अगर जांच में सहयोग नहीं किया तो इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पहले यही दबाव बनाया जाएगा कि वे प्रभावित बागवानों की डकारी राशि लौटा दें। पहले भी ऐसे कई मामलों में कामयाबी हासिल हुई है। अब आरोपित आढ़तियों को जांच में शामिल होने के लिए शिमला लाया जा रहा है। सीआइडी (क्राइम) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कालिया ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने माना कि अगर ये जांच में सहयोग नहीं करेंगे तो इन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। सीआइडी ने 20 में से कुछ आढ़तियों से पूछताछ आरंभ कर दी है। 20 आढ़तियों को नोटिस जारी किए गए थे। ये हिमाचल के ही हैं। इन्होंने शिमला और सोलन में कारोबार किया, लेकिन बागवानों को लाखों रुपये नहीं चुकाया। कई बार बहाना लगाते रहे और फिर फोन तक नहीं उठाए। धोखाधड़ी के शिकार बागवानों ने इनकी शिकायत की है। सीआइडी ने इनके खिलाफ मामले दर्ज किए। इसी के संबंध में पूछताछ होगी।
अब तक 30 गिरफ्तार
सेब बागवानों से धोखाधड़ी के 92 मामले दर्ज हैं। इनमें से एसआइटी अब तक 30 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास 30 करोड़ से अधिक की राशि फंसी हुई है, जबकि आठ करोड़ रुपये बागवानों को लौटाए गए हैं।
दैनिक जागरण ने उठाया था मामला
बागवानों से करोड़ों रुपये की लूट होने का मामला सबसे पहले दैनिक जागरण ने उठाया था। इसके बाद डीजीपी एसआर मरडी ने सीआइडी की विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की थी। नौ माह में एसआइटी ने इन मामलों की गहनता से जांच की है। इस टीम की अगुवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआइडी (क्राइम) वीरेंद्र कालिया कर रहे हैं।