मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की सराज में विकास परियोजनाओं की समीक्षा
हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की।
शिमला, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए ताकि अनावश्यक विलंब के कारण इनकी लागत न बढ़े।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समयबद्ध तरीके से पूरा होने पर लोगों को इनका शीघ्र लाभ मिलेगा। राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र का संतुलित व एक समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो किन्हीं कारणों से पिछड़े रहे हैं। क्षेत्र में सड़कों और पुलों के निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। गाड़ागुशैणी-छत्तरी सड़क को मुख्य जिला सड़क घोषित किया जाना चाहिए और हनोगी-खोलानाल सड़क पर बनने वाले डबललेन पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सराज क्षेत्र में ईको पर्यटन, सहासिक और धार्मिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। खरसी और जंजैहली के बीच चिह्नित स्थानों पर मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएं। जंजैहली में सांस्कृतिक केंद्र और थुनाग में समुदायिक केंद्र के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने ट्रैकर्स हट और शिकारी देवी, भाटकीधार, सपैणीधार, शटाधार के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्वतारोहण संस्थान मनाली का परिसर खोलने के कार्य में भी शीघ्रता से कार्रवाई करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि बालीचैकी और गाड़ागुशैणी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण के लिए प्रर्याप्त राशि जारी की जाएगी। उन्होंने छत्तरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को भी तय समयसीमा में पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं शिक्षण संस्थानों में चिकित्सकों व शिक्षकों के खाली पद शीघ्र भरे जाएंगे। उन्होंने शिक्षा, बागवानी, कृषि, ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए ताकि जनता को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।
वन्य प्राणियों का शिकार किया तो होगी जेल, वन विभाग ने कसी कमर