Himachal weather Update: फिर बर्फबारी और बारिश की संभावना, लगातार बढ़ रही है ठंड
Himachal weather Update ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट जारी है मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी मौसम खराब होने की संभावना जतायी है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। कुल्लू और मनाली सहित लाहुल-स्पीति की चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे ठंड लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई। इस दौरान बारालाचा, शिकुला दर्रा और कुंजमजोत सहित ऊंची चोटियों में बर्फ की परत बिछ गई। मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार और रविवार को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके आलावा कुछ मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में चार और पांच नवंबर को मौसम साफ रहने की संभावना गई है। वहीं छह और सात नवंबर को ऊंचे क्षेत्रों में फिर बर्फबारी और निचले हिमाचल में बारिश की संभावना है। मौसम में आ रहे परिवर्तन के कारण प्रदेश में न्यूनतम आर अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम की ठंड कुछ ज्यादा बढ़ गई है। शुक्रवार को सबसे कम तापमान केलंग में 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे अधिकतम तापमान ऊना में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
गौरतलब है कि मौसम के बदलते ही कुल्लू-मनाली सहित लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी शुरू हो गयी है। बारालाचा , शिंकुला दर्रे व कुंजम जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। ऊंची पहाडिय़ों पर बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मनाली और केलांग में मौसम काफी ठंडा है। हालांकि मनाली-लेह, मनाली दारचा जांस्कर व मनाली काजा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अभी सामान्य है, लेकिन मौसम अगर ऐसा ही रहा तो वाहनों की आवाजाही पर कभी भी ब्रेक लग सकता है।
शुक्रवार को मनाली से दर्जनों वाहन रोहतांग, बारालाचा व शिंकुला जोत पार कर लेह व जांस्कर की तरफ गये थे। कुछ छुटपुट वाहन काजा के लिये भी रवाना हुए थे। हालांकि चंद्रताल झील कोसैलानियों के लिये बन्द करने के बाद से आवाजाही काफी घटी है।