हादसों में दो की मौत, पांच लोग घायल
जिला शिमला में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, शिमला : दो सड़क हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पांच लोग घायल हुए हैं। पहले हादसे में ढली थाना के तहत पड़ते करियाल घाट में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। उसकी पत्नी और बहन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों महिलाओं का आइजीएमसी में उपचार चल रहा है, दोनों अब खतरे से बाहर हैं। मृतक की पहचान नितिन निवासी गजेहा कुफर डाकघर मुंडाघाट के तौर पर हुई है। हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने घायलों को आइजीएमसी शिमला पहुंचाया। गाड़ी चालक नितिन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी मोनिका के पेट, पीठ, सिर और बाजू में गंभीर चोटें पहुंची हैं। हादसे में घायल पूजा की रीड़ की हड्डी में चोट आई है। पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। नारकंडा में कार दुर्घटनाग्रस्त, महिला की मौत
जागरण संवाददाता, शिमला : नारकंडा में शनिवार को कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में महिला अंजू की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों की पहचान अमीचंद, कनिका व लक्ष्य के तौर पर हुई है। कार खाई में गिरने की स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।