हिमाचल: रामपुर में बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन के चुनाव 19 सितंबर को, मिनी सचिवालय में होगी वोटिंग
बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन के चुनाव 19 सितंबर को रामपुर के मिनी सचिवालय में होंगे। केवल नियमित मासिक अंशदान जमा करने वाले सदस्य ही मतदान कर सकेंगे।

हिमाचल मिनी सचिवालय (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, रामपुर बुशहर। बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन रामपुर की नई कार्यकारिणी के चुनाव 19 सितंबर को होंगे। चुनाव प्रक्रिया मिनी सचिवालय सभागार रामपुर में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी यूनियन के महासचिव मस्तराम ने दी।
उन्होंने बताया कि चुनाव में केवल वही ऑटो चालक और यूनियन सदस्य मतदान कर सकेंगे, जिन्होंने पिछले तीन माह से यूनियन का मासिक अंशदान नियमित रूप से जमा कराया है।
इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया में पात्र सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महासचिव ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। उन्होंने सभी पात्र सदस्यों से निर्धारित समय पर मिनी सचिवालय सभागार पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
