हिमाचल में भाजपा की बड़ी जीत, 11 में से 10 जिला परिषदों पर कब्जा, बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला जिला परिषद में पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताया, दावा किया कि ...और पढ़ें

हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष राजीव बिंदल (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा ने 11 में से 10 जिला परिषदों में जीत दर्ज की
शिमला जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीते
बिंदल ने इसे कांग्रेस सरकार से जनता के मोहभंग का संकेत बताया
जागरण संवाददाता, शिमला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि इस विजय ने फिर स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल की जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो चुका है। प्रदेश में 12 जिला परिषदों में से 11 के चुनाव हो चुके हैं।
इनमें से 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बने हैं। यह परिणाम प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति का स्पष्ट संकेत है। प्रदेश में राजनीतिक वातावरण तेजी से बदल रहा है और जनता ने संकेत दे दिया है कि कांग्रेस सरकार जाने वाली है और भाजपा की सरकार आने वाली है।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी थी। आरोप लगाया कि सरकार ने कई मंत्रियों को जिम्मेदारी दी थी कि किसी भी तरह कांग्रेस का अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाया जाए।
लोकतंत्र की जीत, सत्ता के दुरुपयोग वालों की हार
जयराम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह सिसोदिया को जिला परिषद शिमला का अध्यक्ष व भरत सिंह कलांटा को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर शुभकामना दी है।
उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है और तानाशाही व सत्ता के दुरुपयोग से जनादेश को हथियाने वालों की हार है। सरकार ने जनादेश को प्रभावित करने के लिए कई हथकंडे अपनाए, लेकिन उसके सभी प्रयास नाकाम साबित हुए। सत्ता के दम पर लोकतंत्र को चोट पहुंचाने की कोशिशों को जनता के प्रतिनिधियों ने करारा जवाब दिया है। मुख्यमंत्री इस हार से सबक लें और लोकतंत्र, संविधान व जनादेश का सम्मान करें।
