पच्छाद उपचुनाव: मंगल पांडेय ने इन नेताओं को उतारा मैदान में, दी अहम जिम्मेदारियां
भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने पच्छाद विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरकार के मंत्रियों के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी है।
शिमला, जेएनएन। भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने पच्छाद विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरकार के मंत्रियों के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी है। विधानसभा क्षेत्र को चार हिस्सों में बांटकर पच्छाद भाजपा मंडल को फील्ड में जाकर तैयारियां शुरू करने को कहा है। पीटरहॉफ में आज सुबह मंगल पांडेय ने नाश्ते के बाद नेताओं के साथ बैठक की। उसके बाद सभी नेता चुनावी तैयारियों में जुट गए। जिन चार क्षेत्रों में इस क्षेत्र को विभाजित किया गया। उनमें राजगढ़ क्षेत्र का दायित्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को सौंपा गया।
संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज सरांह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल नारग और पझौता क्षेत्र की जिम्मेदारी विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा को सौंपी गई है। भाजपा सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे इन नेताओं को सहयोग देने के लिए मंडल स्तर के चार-चार पदाधिकारी साथ रहेंगे। पच्छाद भाजपा मंडल के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, महामंत्री राजपाल ठाकुर व अनूप शर्मा के अतिरिक्त इस बैठक में दयाल प्यारी कश्यप, आशीष सिगटा, कलदेव धीमान काशप, रीना कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे थे। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र गिरि के आर-पार है। सरांह और राजगढ़ दो हिस्से हैं। मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप सरांह क्षेत्र के तहत आते हैं।