चार क्षेत्रों में बांटा पच्छाद, सौंपी जिम्मेदारी
भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने पच्छाद विधानसभा उप-चुनाव को लेकर सरकार के मंत्रियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी।
राज्य ब्यूरो, शिमला : भाजपा के प्रभारी मंगल पांडेय ने सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सरकार के मंत्रियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंप दी है। विधानसभा क्षेत्र को चार हिस्सों में बांटकर पच्छाद भाजपा मंडल को फील्ड में जाकर तैयारियां शुरू करने को कहा है। रविवार सुबह पांडेय ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।
इस दौरान पच्छाद को चार क्षेत्रों में विभाजित किया गया। उनमें राजगढ़ क्षेत्र का दायित्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिदल को सौंपा गया। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज को सराहां, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल को नारग और पझौता क्षेत्र की जिम्मेदारी विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा को सौंपी गई है। सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे इन नेताओं को सहयोग देने के लिए मंडल स्तर के चार-चार पदाधिकारी साथ रहेंगे। पच्छाद भाजपा मंडल के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, महामंत्री राजपाल ठाकुर व अनूप शर्मा के अलावा बैठक में दयाल प्यारी कश्यप, आशीष सिंगटा, बलदेव धीमान कश्यप, रीना कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र गिरि के आर-पार है। सराहां और राजगढ़ दो हिस्से हैं। मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप सराहां क्षेत्र के तहत आते हैं। दयाल प्यारी, सुरेंद्र चौहान, आशीष व बलदेव धीमान के नाम चर्चा में
पार्टी ने उपचुनाव के लिए इस विधानसभा क्षेत्र से अभी टिकट के मामले पर मंथन शुरू नहीं किया है। हालांकि जिला परिषद सदस्य दयाल प्यारी कश्यप सहित भाजपा सांसद सुरेश कश्यप के जीजा सुरेंद्र चौहान, आशीष सिंगटा और बलदेव धीमान कश्यप के नाम चर्चा में हैं।