25 को होगी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि भाजपा की प्रदेश क
जागरण संवाददाता, शिमला : भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की पहली सेमी वर्चुअल बैठक 25 अगस्त को भाजपा मुख्यालय दीपकमल में होगी। इसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित केंद्र व प्रदेश के वरिष्ठ नेता ऑनलाइन जुड़ेंगे। बैठक सुबह साढ़े दस बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगी।
त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि कार्यसमिति की इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, 2017 विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, सांसद, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री, सभी जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री और सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक जिला मुख्यालय में एलईडी व प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि इस दौरान कोरोना महामारी को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा। भाजपा महामंत्री ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की प्रथम सेमी वर्चुअल बैठक के आयोजन के लिए वीरवार को प्रदेश कार्यालय दीपकमल चक्कर में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में कार्ययोजना बैठक भी हुई।