हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति डा सिकंदर कुमार जाएंगे राज्यसभा, चर्चा में आए नामों से हटकर घोषणा से फिर चौंका गई भाजपा
मूलत हमीरपुर जिले के रहने वाले डा सिकंदर कुमार अर्थशास्त्री हैं। उन्होंने कई पुस्तकें लिखी हैं और उनके कई शोधपत्र देश-विदेश में प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने अगस्त 2018 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 26वें कुलपति के रूप में कार्यभार संभाला था।
शिमला, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति डा. सिकंदर कुमार राज्यसभा जाएंगे। उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाने की घोषणा हो गई है। एक बार फिर चौंकाते हुए, भारतीय जनता पार्टी ने वह नाम चुना जो चर्चा में नहीं था। इससे पहले पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा अध्यक्ष के चयन में भी सबको चौंकाया था। इस बार कई नाम चर्चाओं में तैर रहे थे किंतु घोषणा डा. सिकंदर कुमार के नाम की हुई। इस सीट के लिए हिमाचल में रहे संगठन महामंत्री महेंद्र पांडे का नाम भी चल रहा था। इनके अलावा संगठन से ही अजय जम्वाल और मंडी जिले के कुछ अन्य नेताओं के नाम की चर्चा की थी
शिक्षाविद को भेजने का पहला मामला
हिमाचल में शिक्षाविद को राज्यसभा भेजने का यह अपनी तरह का पहला ही मामला हो सकता है। इससे पहले राजनेताओं को तो राज्यसभा भेजा जाता रहा, लेकिन शिक्षाविद को राज्यसभा भेजने का फैसला नहीं लिया गया था। डा. सिकंदर कुमार भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भी रहे हैं।
आनंद शर्मा का कार्यकाल समाप्त होने के कारण खाली हुई सीट
हिमाचल में राज्यसभा सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता आनंद शर्मा का कार्यकाल पूरा होने के कारण खाली हो रही है। इसके लिए चुनाव का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। आनंद शर्मा का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है! भाजपा की ओर से प्रत्याशी चयन को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थी, लेकिन होली के दिन शाम के समय पार्टी की ओर से नाम तय करने का इन सभी अटकलों पर रोक लगा दी।
हिमाचल से राज्यसभा में तीन सांसद
हिमाचल प्रदेश से लोकसभा में चार और राज्यसभा के लिए तीन सदस्य हैं। इस समय भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और इंदु गोस्वामी राज्यसभा सदस्य हैं।