विलय के खिलाफ बैंक कर्मियों की दो दिवसीय हड़ताल आज से
बैंकों के विलय के विरोध में आठ व नौ जनवरी को होने वाली हड़ताल से बैंक कामकाज प्रभावित होगा।
शिमला, राज्य ब्यूरो। बैंकों के विलय के विरोध में अन्य राज्यों के बैंक कर्मचारियों की हड़ताल में हिमाचल में कार्यरत बैंक कर्मी भी शामिल होंगे। आठ व नौ जनवरी को होने वाली हड़ताल से बैंक कामकाज प्रभावित होगा। इसके साथ लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बैंक ऑफ बड़ौदा में विजया व देना बैंक के विलय के विरोध में बैंक यूनियनें हड़ताल कर रही हैं। पिछले 20 दिनों के दौरान तीसरी बार बैंक कर्मचारी हड़ताल पर होंगे।
बैंक कर्मचारी केंद्र के विलय के फैसले के खिलाफ हैं। हिमाचल प्रदेश बैंक इंप्लाइज फेडरेशन के महासचिव प्रेम वर्मा ने बताया कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल में फाइनांशियल सेक्टर की कई यूनियनें शामिल होंगी। हड़ताल के दौरान प्रदेश में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। बैंकों की हड़ताल से प्रदेश में करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित होगा।
आठ सचिवालय का घेराव होगा आज व कल हड़ताल करेंगी सीटू से संबंधित यूनियनें
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर सीटू से संबंधित सभी यूनियनें आठ व नौ जनवरी को प्रदेश में हड़ताल करेंगी। आठ जनवरी को राज्य सचिवालय शिमला का घेराव किया जाएगा। नौ जनवरी को शिमला स्थित सब्जी मंडी में जनसभा होगी। सीटू के प्रदेश अध्यक्ष जगतराम ने बताया कि प्रदेश की सभी विद्युत परियोजनाओं, होटल वर्कर्स, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लाट, आगनबाड़ी, मिड-डे मील, रेहड़ी फड़ी सहित विभिन्न विभागों में ठेकेदारी प्रथा में कार्य कर रहे कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मी, उद्योगों में कार्यरत सभी कर्मचारी और यूनियनें हड़ताल में शामिल होंगी। केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ हड़ताल होगी। उन्होंने मांग की है कि महंगाई पर रोक लगाकर न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये किया जाए। श्रम कानूनों में मजदूर विरोधी फेरबदल वापस लिए जाएं।