हिमाचल सचिवालय की महिला ने जीता मैच
हिमाचल में पहली बार आयोजित की जा रही 43वीं अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता 2019-20 का शुभारंभ राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान में शिक्षा विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया।
जागरण संवाददाता, शिमला : 43वीं अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता शुक्रवार को शिमला के राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान में शुरू हुई। हिमाचल में पहली बार हो रही है इस प्रतियोगिता का शुभारंभ शिक्षा, विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया। इसमें देशभर की 40 टीमें ने भाग ले रही हैं। लीग मैचों के पुरुष वर्ग में आंध्र प्रदेश बनाम तमिलनाडु और हिमाचल बनाम तेलंगाना के बीच मुकाबले हुए। इनमें हिमाचल व तमिलनाडु ने जीत दर्ज की। महिला वर्ग में हिमाचल सचिवालय ने बिहार सचिवालय और हरियाणा सचिवालय ने उड़ीसा सचिवालय की टीम को पराजित किया।
इस मौके पर सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से कर्मचारियों में प्रतिभा और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है। खेल दृढ़ इच्छाशक्ति व मनोबल बढ़ाने में सहायक होते हैं। खेलो इंडिया अभियान के तहत ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में भी मैदान बनाए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृति पर चिता व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से हम स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।