जैनब चंदेल को प्रदेश महिला काग्रेस की कमान
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाधी ने प्रदेश महिला काग्रेस अध्यक्ष पद पर जैनब चंदेल को तैनात किया गया है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाधी ने प्रदेश महिला काग्रेस अध्यक्ष पद से सुशीला नेगी को हटा दिया है। उन्होंने जैनब चंदेल को प्रदेश महिला काग्रेस की कमान सौंपी है। इस संबंध में बुधवार देर शाम नई दिल्ली से आदेश जारी किए गए।
जैनब चंदेल पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। जैनब चंदेल की नियुक्ति के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को प्रदेश में मजबूत किया गया है। गत दिनों पूर्व प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू और वीरभद्र सिंह में हुई जुबानी जंग के दौरान सुशीला नेगी ने बयानबाजी कर सुक्खू का समर्थन किया था। इसके करीब एक सप्ताह बाद यह ताजपोशी की गई है। प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष पद पर कुलदीप राठौर की नियुक्ति के बाद अब काग्रेस और इसके अग्रणी संगठनों में फेरबदल होना है। इसी के तहत यह बदलाव किया गया है। सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों में अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों में बदलाव के आदेश हो सकते हैं। वहीं, नरदेव कंवर को प्रदेश फिशरमैन कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में राहुल गाधी ने आदेश जारी कर दिए हैं।