मुंबई भेजी सेब की 475 पेट्टियां बेचने का आरोप
किन्नौर जिले में सेब लूट का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ : किन्नौर जिले में सेब लूट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित ट्रक चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर कोर्ट से रिमांड पर लिया है। शिमला निवासी विपिन कुमार, जोकि ट्रांसपोर्ट का काम करता ने 11 अक्टूबर को टापरी थाने में मामला दर्ज करवाया था। उसने बताया था कि पिंजौर हरियाणा ट्रक यूनियन से ट्रक मालिक व चालक त्रिलोक को टापरी फल मंडी से 475 सेब की पेटी ट्रक में लोड करवाकर पहली अक्टूबर को मुंबई के लिए भेजा था। जब ट्रक 10 अक्टूबर तक मुंबई नहीं पहुंचा तो छानबीन करने पर पता चला कि मध्यप्रदेश के देवास नामक स्थान पर ट्रक चालक व उसका सहयोगी बेहोश मिले हैं और ट्रक में सेब की पेटियां नहीं हैं।
एसपी किन्नौर ने टापरी थाने से एक पुलिस टीम मध्यप्रदेश के लिए रवाना की थी। इस दौरान पुलिस मध्यप्रदेश के धामनोर थाने के साथ संपर्क में रही। पुलिस ने चालक व उसके सहयोगी का उपचार करवाने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि हरियाणा के गुजरीघाट में कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर सेब की पेटियां चोरी कर ली, जबकि आरोपितों ने पुलिस के समक्ष अपने परिचित को 475 सेब की पेटियां सौंपने की बात मानी थी।
टापरी पुलिस 13 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के देवास में पहुंची थी और 16 अक्टूबर की रात को किन्नौर पहुंची व 17 अक्टूबर को दोपहर बाद किन्नौर मुख्यालय रिकांगपिओ के सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने सेब बागवानों और व्यापारियों से अपील की है कि सेब लोड करने से पहले ट्रक की पूरी जानकारी ले लें, यदि खरीद-फरोख्त करने वालों पर संदेह हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।