विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल की सेब मंडियों में आढ़तियों पर APMC का शिकंजा, 12 के चालान कटे; किसानों से अपील

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:54 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश की सेब मंडियों में नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 आढ़तियों पर कृषि उपज मंडी समिति ने शिकंजा कसा है।

हिमाचल की सेब मंडियों में आढ़तियों पर APMC का शिकंजा (फाइल फोटो)

हिमाचल की सेब मंडियों में आढ़तियों पर APMC का शिकंजा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सेब मंडियों में नियमों के उल्लंघन पर आढ़तियों पर कार्रवाई

  2. सोलन में सात, शिमला-किन्नौर में पांच आढ़तियों के चालान

  3. किसानों के लिए शिकायत हेतु व्हाट्सएप नंबर जारी

जागरण टीम, शिमला। शिमला, किन्नौर व सोलन जिले में सेब सीजन के बीच मंडियों में नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाले आढ़तियों पर कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नियमों के उल्लंघन पर अब तक 12 आढ़तियों के चालान किए गए हैं। इनमें सोलन की मंडियों में सात, शिमला व किन्नौर के तहत आने वाली मंडियों में पांच आढ़तियों पर कार्रवाई की गई है।

हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक के निर्देश के बाद मंडियों में प्रवर्तन अभियान शुरू किया गया है। नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने के लिए कृषि उपज मंडी समिति सोलन और कृषि उपज मंडी समिति शिमला एवं किन्नौर की टीमें सक्रिय हो गई हैं। कृषि विपणन बोर्ड ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि मंडियों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आने वाले दिनों में जांच जारी रहने से नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य आढ़ती भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। कृषि विपणन बोर्ड ने बागवानों से भी निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

बागवानों को सेब यूनिवर्सल कार्टन में ही मंडियों में लाने को कहा है। इसके साथ सेब की ग्रेडिंग भी निर्धारित मानकों के अनुसार करने की अपील की गई है। मंडी में नियमों का उल्लंघन दिखाई देने पर बागवान वाट्सएप नंबर 94591-72727 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।