हिमाचल में तीन मिनट का भाषण दिलाएगा संसद तक पहुंचने का मौका, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन
भारत सरकार के 'मेरा युवा भारत' द्वारा राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2026-27 आयोजित किया जा रहा है, जिसमें युवा तीन ...और पढ़ें

तीन मिनट का भाषण दिलाएगा संसद तक पहुंचने का मौका। फाइल फोटो
HighLights
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2026-27 का आयोजन।
तीन मिनट का भाषण देकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व।
आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, आयु 18-25 वर्ष।
राज्य ब्यूरो, शिमला। लोकतंत्र की पाठशाला में अपनी आवाज बुलंद करने और राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने का मौका युवाओं के पास है। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (माई भारत) की ओर से राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2026-27 आयोजित किया जा रहा है।
इसके तहत युवाओं को एक राष्ट्र-एक चुनाव जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक विषय पर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।प्रतिभागियों को किसी वाद-विवाद में नहीं उलझना होगा, बल्कि मंच पर केवल तीन मिनट का व्याख्यान देकर अपनी प्रतिभा साबित करनी होगी। शिमला जिला स्तर का कार्यक्रम दो नवंबर को संभावित है, जबकि आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
युवा संसद का विस्तार
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी। इसका उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। इस बार विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए युवा संसद का विस्तार किया गया है।
चयन प्रक्रिया जिला स्तर से शुरू होगी। प्रत्येक जिले से तीन विजेता राज्य स्तर पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रत्येक राज्य से तीन विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।प्रतिभागी हिंदी या अंग्रेजी में भाषण दे सकते हैं। पिछले वर्षों के राज्य स्तरीय विजेता आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
संसद की कार्यवाही देखने का भी मौका
राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों के लिए नौ और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संसद के सेंट्रल हॉल में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद 10 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग (वीबीवाइएलडी) में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रश्नकाल, मास्टर क्लास, संसद की कार्यवाही का अनुकरण, नई संसद में बजट सत्र की लाइव कार्यवाही देखने, प्रधानमंत्री संग्रहालय के भ्रमण और पुरस्कार समारोह जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
18 से 25 वर्ष के युवा ही पात्र
आवेदन के लिए 17 अगस्त 2026 तक आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक युवा माई भारत पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधिकारिक लिंक है: https://mybharat.gov.in
