हिमाचल के किन्नौर में भीषण अग्निकांड, आंखों के सामने जल गए कई परिवारों के आशियाने; बेघर लोगों के नहीं थम रहे आंसू
किन्नौर के कानम गांव में भीषण आग लगने से तीन रिहायशी मकान और दो गोशालाएं जलकर राख हो गईं, जिससे करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

आग की लपटों में खाक हुईं जीवनभर की जमा-पूंजी। फोटो जागरण
HighLights
कानम गांव में तीन मकान और दो गोशालाएं जलीं।
अग्निकांड में लगभग एक करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ।
प्रभावित परिवारों को प्रशासन ने तत्काल राहत प्रदान की।
जागरण संवाददाता, रिकांग पिओ (किन्रौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के पूह उपमंडल के कानम गांव में मंगलवार सुबह आग लगने से तीन रिहायशी मकान और दो गोशालाएं जलकर राख हो गईं। अग्निकांड में तीन परिवारों के मकान और उनमें रखा सामान नष्ट हो गया। राजस्व विभाग के पटवारी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कानम गांव में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन लकड़ी के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके साथ ही दो गोशालाएं भी जलकर नष्ट हो गईं। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन मकानों और उनमें रखे सामान को बचाया नहीं जा सका। इस घटना से तीन परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
तीन मकानों और घरेलू सामान को भारी क्षति
पटवारी की रिपोर्ट के अनुसार, अग्निकांड में सनम फोनचुक पुत्र चंद्र लाल के मकान को करीब 11 लाख रुपये और घर में रखे सामान को 21 लाख 28 हजार रुपये की क्षति का आकलन किया गया है। इसी तरह छेरिंग दोर्जे पुत्र चंद्र लाल के मकान को 11 लाख रुपये तथा घर में रखे सामान को 22 लाख 46 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है।

वहीं, कुमारी शांति और कुमारी कृष्णा देवी, पुत्रियां चंद्र लाल के रिहायशी मकान को 10 लाख 34 हजार रुपये और घर में रखे सामान को 23 लाख 92 हजार रुपये की क्षति होने का आकलन किया गया है।
दो गोशालाएं भी आग की भेंट चढ़ीं
अग्निकांड में दो गोशालाएं भी पूरी तरह नष्ट हो गईं। रिपोर्ट के अनुसार, सनम तंजीन पुत्र मेडुप दोर्जे की दो मंजिला गोशाला, डोगरी और उसमें रखे सामान को करीब तीन लाख 96 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, छेतन दोर्जे पुत्र जुंगदन राम की गोशाला, डोगरी और सामान की क्षति का आकलन चार लाख 26 हजार 500 रुपये किया गया है।
पटवारी की रिपोर्ट में मकानों, घरेलू सामान और गोशालाओं को हुए नुकसान का अलग-अलग आकलन किया गया है। इस अग्निकांड में प्रभावित परिवारों को संपत्ति का भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की राहत
प्रशासन ने अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत प्रदान की है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) पूह रविंदर ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के रहने, ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था करने के साथ राशन और बिस्तर भी उपलब्ध करवाए गए हैं।

वहीं, उन्होंने कहा कि एक प्रभावित परिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कानम में ठहराया गया है, जबकि अन्य दो परिवारों के रहने की व्यवस्था पंचायत भवन में की गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
