दिवाली की रात 12 जगह लगी आग, रोहड़ू में मकान राख
जिला शिमला में दिवाली की रात पटाखों व शॉर्ट सर्किट से 12 स्थानों पर आग लगी।
जागरण संवाददाता, शिमला : जिला शिमला में दिवाली की रात पटाखों व शॉर्ट सर्किट से 12 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई। इससे एक करोड़ 67 लाख 48 हजार 300 रुपये का नुकसान आंका गया है। हालांकि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
राजधानी शिमला के लेबर ब्यूरो कार्यालय के पास दो दुकानों में बुधवार रात 10 बजकर 56 मिनट पर आग लग गई। आग से एक लाख का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। यदि आग फैल गई होती तो लेबर ब्यूरो ऑफिस, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग कार्यालय राख हो सकता था। रोहड़ू उपमंडल के तहत बैचड़ी के जांगला में चमन लाल और दमोदरी देवी के तीन मंजिल भवन में भी दिवाली की रात आग लग गई। इससे 12 कमरों का मकान पूरी तरह राख हो गया। अग्निकांड के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था और आग लगने का आभास होते ही बाहर निकलने में कामयाब हो गया। लकड़ी से बने मकान में आग तेजी से फैल गई और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही मकान राख के ढेर में तबदील हो गया। इससे करोड़ों का नुकसान आंका गया है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं, कोटखाई में शॉर्ट सर्किट से बिजली का एक ट्रांसफार्मर जल गया। ट्रांसफार्मर जलने के कारण समूचा क्षेत्र अंधकार में डूब गया है। जिला के अन्य स्थानों में भी छुटपुट आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी शिमला के तवी मोड़ में पटाखों से जंगल में आग लग गई। समिट्री में भी पटाखे से आग लग गई। अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया अन्यथा कई मकान राख हो सकते थे। इसके अलावा शिमला के रजत होटल के पास भी आग लग गई। समय पर आग पर काबू पा लिया और रजत होटल को नुकसान होने से बचा लिया गया।
-------
अग्निशमन विभाग ने 22 करोड़ की संपत्ति बचाई
दिवाली की रात अग्निशमन विभाग ने मुस्तैदी से काम किया और करोड़ों की संपत्ति को राख होने से बचा लिया। हालांकि विभिन्न घटनाओं में डेढ़ करेाड़ से अधिक का नुकसान आंका गया है, जबकि 22 करोड़ 43 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति बचाई गई।
-----
अग्निशमन विभाग ने दिवाली पर सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी हैं। कर्मचारियों ने अथक प्रयासों से करोड़ों का नुकसान होने से बचाया।
-धर्म चंद शर्मा, स्टेशन फायर ऑफिसर।