हिमाचल के कर्मचारियों का DA 50% हुआ, ग्रुप-D कर्मियों को मिलेंगे 10000 रुपये एरियर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 5% बढ़ाकर 50% कर दिया है, जिसका कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया है।

कर्मचारियों का डीए जारी, अब एरियर की मांग।
HighLights
हिमाचल सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 5% बढ़ाया
कर्मचारी संगठन लंबित एरियर भुगतान की तत्काल मांग कर रहे
पेंशनर्स ने दिवाली तक देनदारियां न मिलने पर विरोध की चेतावनी दी
राज्य ब्यूरो, शिमला। कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) पांच प्रतिशत बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने के निर्णय का कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया है। कर्मचारी महासंघ ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए इसे कर्मचारियों के लिए आर्थिक राहत देने वाला कदम बताया है।
महासंघ ने लंबित महंगाई भत्ते के एरियर और अन्य वित्तीय देनदारियों की मांग करते हुए दिवाली से पहले इसका भुगतान करने की मांग की है। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर और महासचिव भरत शर्मा ने कहा कि एरियर भुगतान के आदेश शीघ्र जारी किए जाए ताकी कर्मचारियों को समय पर उनकी देय राशि मिल सकें। महासंघ ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नवंबर के वेतन के साथ 10 हजार रुपये का बकाया एरियर देने की घोषणा का भी स्वागत किया।
लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी सरकार: त्रिलोक
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ एवं हिमाचल प्रदेश गैर-शैक्षणिक कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने कहा कि डीए में वृद्धि से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने जताया आभार
हिमाचल प्रदेश सचिवालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रधान संदीप सिंह और महासचिव नरेंद्र कुमार ने पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने और एरियर भुगतान की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। संघ ने कहा कि इस निर्णय से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
साथ ही सरकार से शेष देय महंगाई भत्ते और अन्य लंबित वित्तीय लाभों का भी जल्द भुगतान करने का आग्रह किया है। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
पेंशनर्स ने दीवाली तक मांगी देनदारियां
दूसरी ओर, पेंशनर्स ने लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई है। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ब्लाक टूटू की कोहबाग में हुई त्रैमासिक बैठक में हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने कहा कि एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन और 15 प्रतिशत डीए, डीआर का भुगतान नहीं हुआ है।
वर्मा ने आरोप लगाया कि इस अवधि के दौरान 800 से अधिक पेंशनर की मृत्यु हो चुकी है और उनके परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दिवाली से पहले सभी लंबित देनदारियां जारी नहीं की गई तो आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान धर्मशाला के तपोवन में विशाल आक्रोश रैली की जाएगी।
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की शिमला शहरी इकाई के प्रधान मदन लाल शर्मा और महासचिव सुभाष वर्मा ने प्रदेश सरकार की ओर से पांच प्रतिशत महंगाई राहत की अधिसूचना जारी करने को नाकाफी बताया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में महंगाई चरम पर है और केंद्रीय पेंशनर्स को 80 प्रतिशत महंगाई राहत मिल रही है। ऐसे में एक ही प्रदेश में रहने वाले केंद्रीय और राज्य पेंशनर्स के बीच अंतर नजर आ रहा है।
महासचिव सुभाष वर्मा ने सरकार से आग्रह किया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर शेष आठ प्रतिशत महंगाई राहत देने की घोषणा की जाए। उन्होंने महंगाई राहत के एरियर का भी तुरंत भुगतान करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के नाहन में बवाल! सिख समुदाय के गेट की मरम्मत के दौरान पथराव; नेशनल हाईवे 907A पूरी तरह बंद
यह भी पढ़ें- हिमाचल के नाहन में बवाल! सिख समुदाय के गेट की मरम्मत के दौरान पथराव; नेशनल हाईवे 907A पूरी तरह बंद
