नशे में हॉकी से तोड़े 27 वाहनों के शीशे, दो गिरफ्तार
कुफ्टाधार-दुधली मार्ग के किनारे खड़े 27 वाहनों के शीशे तोड़ने के मामले में दो टैक्सी चालकों को गिरफ्तार किया गया है।
शिमला, जेएनएन। शिमला के होटल रेडिसन के साथ लगते कुफ्टाधार-दुधली मार्ग के किनारे पार्क वीरवार रात 27 वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। शुक्रवार सुबह जब मालिकों ने देखा तो वाहनों के शीशे टूटे हुए थे। इस पर स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी लक्कड़ बाजार में दर्ज करवाई। इस पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आठ घंटे के भीतर शीशे तोड़ने के आरोप में दो आरोपित टैक्सी चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। जोकि पर्यटकों को लेकर शिमला आए हुए थे।
शुक्रवार सुबह जब लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि गाड़ियों के शीशे अज्ञात लोगों ने तोड़ दिए हैं तो इस पर पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी। वहीं वीरवार रात एक ट्रक चालक के साथ दो आरोपित दोनों टैक्सी ड्राइवरों की लड़ाई हो गई। दोनों पक्षों में काफी कहासुनी हुई। तो ट्रक चालक के पक्ष में कुछ स्थानीय लोग भी आ गए। इसके बाद टैक्सी चालक फरार हो गए।
पुलिस ने एक होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दोबारा दोनों आरोपित टैक्सी चालकों को रेडिसन होटल से हॉकी लेकर बाहर निकलते हुए देखा। फुटेज में दिखा कि दोनों आरोपित सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के वाहन तोड़ रहे हैं। करीब दो किलोमीटर तक पैदल ही वाहनों के शीशे तोड़ते रहे। इसी के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो एक टैक्सी चालक को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। लेकिन दूसरा होटल में नहीं था। शुक्रवार देर शाम जब चालक होटल पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गाड़ी से हॉकी भी बरामद कर ली है।
लोगों ने कहा था कि शीशे तोड़ने में हॉकी का इस्तेमाल किया गया था। क्योंकि आधी टूटी हुई हॉकी सड़क पर पड़ी हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों शराब के नशे में थे। तीन माह पहले भी इसी क्षेत्र में शरारती तत्वों ने करीब 12 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए थे। इस पर पुलिस आज तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है। अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि गाड़ियों के शीशे बार-बार कौन तोड़ रहा है। स्थानीय निवासी संजीव ने कहा कि उनकी डस्टर कार का शीशा तोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके भाई के वाहन के भी शीशे तोड़े गए हैं। आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस कारण लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
रिहायशी क्षेत्र में शराब ठेका उठाने की मांग लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस गश्त नहीं करती है। लोगों को वाहन खड़े करने मुश्किल हो गए हैं। आए दिन इस तरह की घटनाएं पेश आ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने कहा कि दुधली में रिहायशी क्षेत्र में ठेका खुला है। शराब का ठेका खुलने से लोगों का यहा से गुजरना मुश्किल हो गया है। उपायुक्त से भी शिफ्ट करने की मांग की जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नशेड़ी युवा जगह-जगह हुड़दंग मचाते रहते हैं।