विपक्ष की गैर मौजूदगी में चली कार्यवाही, गतिरोध कायम
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहा गतिरोध वीरवार को भी खत्म नहीं हुआ।
राज्य ब्यूरो, शिमला : सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहा गतिरोध वीरवार को भी खत्म नहीं हुआ। सत्र के पांचवें दिन प्रश्नकाल की कार्यवाही विपक्ष की गैर मौजूदगी में चली। कांग्रेस विधायकों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। विपक्ष की ओर से केवल वामपंथी विधायक राकेश सिघा ने न केवल सत्र में भाग लिया बल्कि कई तीखे सवाल भी पूछे। प्रश्नकाल के दौरान भटियात के विधायक विक्रम सिंह जरियाल के सवाल पर सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकारी विभागों में पूर्व सैनिकों के 2079 पद रिक्त पड़े हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया जारी है। पूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए 15 फीसद पद विभिन्न विभागों में सृजित हैं। इनमें सेना से रिटायर होने वाले जवानों को उनकी योग्यता के मुताबिक पद मिलते हैं। उन्होंने सभी विभागों के मंत्रियों से आग्रह किया कि वे रिक्तियां भरने की दिशा में पहले करें।
विक्रम जरियाल ने सवाल पूछा था कि विभागों में पूर्व सैनिकों के आश्रितों के कितने पद खाली हैं और उनकी क्या स्थिति है। वहीं कर्नल इंद्र सिंह ने अनुपूरक सवाल किया कि कितने उपनिदेशक के पद सृजित हैं और कितने खाली हैं। उन्होंने प्लेसमेंट पर भी सवाल किया। इस पर महेंद्र ठाकुर ने कहा कि छह जिलों में उपनिदेशक (सैनिक कल्याण) के पद खाली हैं। इन्हें भरने के लिए मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल गई है और इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागों में पूर्व सैनिकों के खाली पद
गृह,81
वन,46
राजस्व,29
तकनीकी शिक्षा,35
बिजली बोर्ड,137
प्रारंभिक शिक्षा,769
उच्चतर शिक्षा,122
पशुपालन,37
जल शक्ति,41
ग्रामीण विकास,30
राज्य सचिवालय,29