रामपुर में पंजीकृत ऑटो के लिए जारी किए स्टिकर
रामपुर व आसपास के क्षेत्रों में चल रहे सैकड़ों ऑटो के लिए स्टिकर जारी किए गए हैं।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : रामपुर व आसपास के क्षेत्रों में चल रहे सैकड़ों ऑटो में से करीब 130 ऑटो ही ऑटो यूनियन में पंजीकृत हैं। इसके अलावा रोजाना कई किलोमीटर तक सवारियां ढो रहे ऑटो अवैध रूप से चलाए जा रहे हैं। ऑटो यूनियन ने इन दिनों पंजीकृत ऑटो के लिए स्टिकर जारी किए हैं।
इन स्टिकर को ऑटो में लगाया जा रहा है। पीले रंग के स्टिकर सभी ऑटो संचालकों को नहीं दिए जा रहे हैं क्योंकि अवैध रूप से चलाए जा रहे ऑटो को यूनियन ने पहले ही बाहर किया है। ऑटो यूनियन के प्रधान देवी सिंह बुशहरी ने कहा कि लोगों को पीले रंग लगे स्टिकर वाले ऑटो में यात्रा करनी चाहिए। इससे किसी भी समय चालक द्वारा कोई भी अनियमितता बरतने पर शिकायत की जा सकेगी। पंजीकृत ऑटो संचालक किसी भी सवारी से मूल्य सूची के हिसाब से ही पैसे वसूल रहे हैं। यह मूल्य सूची प्रशासन की ओर से जारी की गई है। इस सूची में ऑटो चालक का मोबाइल फोन नंबर और अन्य ब्योरा दर्ज किया गया है। ऑटो में यात्रा करने वाले लोग इसे स्वयं भी देख सकते हैं।
यूनियन द्वारा जो बातचीत प्रशासन के समक्ष की गई है, उस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जल्द ही अन्य पंजीकृत ऑटो संचालकों को भी स्टिकर बांट दिए जाएंगे। ऑटो यूनियन अध्यक्ष ने बताया कि ऑटो चालक यदि ज्यादा किराया वसूलता है तो उस स्थिति में यूनियन के कार्यालय में इसकी शिकायत की जा सकती है। शिकायत आने के बाद संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कारवाई की जाएगी।