शिमला में हल्की बारिश, सैलानी करते रहे बर्फ का इंतजार
जागरण संवाददाता शिमला राजधानी शिमला वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार रही। दो दिन का एक सा
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार रही। दो दिन का एक साथ अवकाश और मौसम में आई ठंडक के चलते सैलानियों की संख्या अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा रही। बर्फ की चाह में शिमला पहुंचे सैलानियों को हालांकि निराशा मिली, लेकिन हल्की बारिश ने मौसम और सुहाना कर दिया। पड़ोसी राज्यों में अब गर्मी पड़नी शुरू हो गई है, ऐसे में लोग शिमला के सुहाने मौसम का आनंद लेने के लिए यहां का रुख कर रहे हैं।
शहर में शनिवार सुबह से ही सैलानियों के वाहन पहुंचने लगे थे। मालरोड व रिज मैदान पर सैलानियों की संख्या समय के साथ बढ़ती रही। यही हाल शहर के आसपास के पर्यटन स्थलों का भी रहा। वहां पर भी सैलानी काफी संख्या में पहुंच रहे थे।
शहर के होटल लगभग पैक चल रहे हैं। सैलानियों की बढ़ती संख्या का असर शहर के जाम पर भी देखने को मिला। शाम के समय अवकाश के बावजूद शहर की सड़कों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा। वीकेंड पर आए सैलानियों के लिए रिज मैदान पर पड़ी बर्फ अभी तक आकर्षण का केंद्र बनी। लगभग 25 दिन पुरानी बर्फ दिखने में मटमैली जरूरी हो चुकी है, लेकिन सैलानी इसके साथ ही फोटो खिचवा रहे हैं। हालांकि सुबह के समय बारिश और हल्की ओलावृष्टि से उम्मीद तो बंधी थी कि शायद सफेद चादर में लिपटी राजधानी को देखने का मौका मिलेगा, लेकिन उनकी बर्फ देखते की चाहत पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद मौसम ने फिर करवट बदली और आसमान पूरी तरह से साफ हो गया। इसके बावजूद सैलानी शहर में टहलते हुए बर्फबारी का ही इंतजार करते रहे।