ऐतिहासिक शिमला-कालका ट्रैक पर सात महीने बाद आज दौड़ेगी ट्रेन, पर्यटक कर सकेंगे पहाड़ों की सैर
Shimla Kalka Track ऐतिहासिक शिमला-कालका ट्रैक पर आज सात महीने बाद ट्रेन दौड़ेगी। कालका से 11.10 बजे ट्रेन शिमला के लिए रवाना होगी। करीब छह घंटे का सफर तय कर ट्रेन 5 बजकर 20 मिनट के आसपास समरहिल पहुंचेंगी।
शिमला, जेएनएन/एएनआइ। ऐतिहासिक शिमला-कालका ट्रैक पर आज सात महीने बाद ट्रेन दौड़ेगी। कालका से 11.10 बजे ट्रेन शिमला के लिए रवाना हुई। करीब छह घंटे का सफर तय कर ट्रेन 5 बजकर 20 मिनट के आसपास समरहिल पहुंचेंगी। पर्यटकों के लिए इस ट्रेन का शुरू होना बड़ी राहत की बात है। पहाड़ों में कालका से शिमला तक के सफर का पर्यटक खूब आनंद लेते हैं। साधारण कोच का किराया 330 रुपये है, जबकि फर्स्ट क्लास कोच का किराया 440 रुपये है।
शिमला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक प्रिंस सेठी का कहना है यहां ट्रेन के स्वागत की तैयारी कर ली है। पर्यटकों के लिए यह बहुत खुशी की बात है कि ऐतिहासिक ट्रैक पर फिर से ट्रेन सेवा शुरू हो रही है।
कोरोना वायरस के फैलने के बाद लगे लाकडाउन के दौरान इस ट्रेन को बंद कर दिया गया था। अब सात महीने के इंतजार के बाद इसे फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया है। इससे पहले 15 अक्टूबर से ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पंजाब के किसान आंदोलन के कारण इसे टाल दिया गया था।