मुख्यमंत्री को पत्र लिख पेयजल समस्या के समाधान की मांग
हिमरी पंचायत के कई गांवों में इन दिनों प्राकृतिक जल स्त्रोत सूखने से पेयजल का गंभीर संकट हो गया है।
जागरण संवाददाता, शिमला : ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की हिमरी पंचायत के कई गांवों में इन दिनों प्राकृतिक जल स्त्रोत सूखने से पेयजल समस्या से लोग जूझ रहे हैं। पेयजल आपूर्ति भी पांच दिन से ठप पड़ी है। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरी कृष्ण हिमराल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर रोग गांव में पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की है।
उन्होंने कहा विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में कई बार सूचित किया, लेकिन पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो रही है। पशुओं को भी पिलाने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए। जब तक इसमें सुधार नहीं होता तब तक रोजाना टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जाए।