भाजपा नेता नरेंद्र बरागटा की सीएम जयराम ठाकुर से बंद कमरे में मुलाकात, लगाए जा रहे हैं यह क्यास
Narinder Bragta Meet with CM Jairam विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक एवं वरिष्ठ नेता नरेंद्र बरागटा ओक ओवर पहुंचे।
शिमला, जेएनएन। विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक एवं वरिष्ठ नेता नरेंद्र बरागटा ओक ओवर पहुंचे। उनकी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ मुलाकात होगी। सीएम के साथ होने वाली इस मुलाकात के बड़े मायने देखे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार में 2 मंत्रियों के पद खाली पड़े हुए हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है। जयराम ठाकुर और नरेंद्र बरागटा के बीच में होने वाली मुलाकात को विधानसभा अध्यक्ष पद के साथ जोड़कर भी देखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कई मर्तबा कह चुके हैं कि विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से ठीक पहले प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। डॉक्टर राजीव बिंदल के विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अध्यक्ष पद की दौड़ में मंत्रियों व वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नाम चर्चा में रहे हैं। सर्वाधिक चर्चा में सरकाघाट से भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह का नाम लिया जाता रहा है। इसके अलावा नरेंद्र बरागटा का नाम भी उभर कर सामने आया है।
विधानसभा अध्यक्ष पद की दौड़ में दो मंत्रियों का नाम भी लिया जाता रहा है, जिनमें शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉक्टर राजीव सैजल का नाम भी आता है। अंतिम समय में भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रह चुके नरेंद्र बरागटा के साथ होने वाली बैठक के कई मायने निकलेंगे। अब क्यास लगाए जा रहे हैं कि नरेंद्र बरागटा के नाम पर मुहर लग सकती है।