कांग्रेस नेताओं में सस्ती लोकप्रियता पाने की होड़ : जम्वाल
भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विक्रमादित्य सिंह अनाप शनाप ब्यानबाजी कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, शिमला : भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विक्रमादित्य सिंह अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं। दोनों में सस्ती लोकप्रियता पाने की जंग छिड़़ी है। वह प्रदेश सरकार के खिलाफ बेतुके बयान देकर बस सुर्खियां बटोरना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता बदलने के बाद अब कांग्रेस नेताओं का चश्मा भी बदल गया है। जब सत्ता में थे तो उन्हें खुशहाली दिखती थी, अब विपक्ष में हैं तो उन्हें सब विपरीत दिखता है। नेता प्रतिपक्ष के बयानों से ऐसा लगता है कि जब वह सत्ता में थे तो प्रदेश में कोई बेरोजगार नहीं था। सड़कें संगमरमर की थी और किसी को कोई परेशानी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की बयानबाजी बिल्कुल बेतुकी है। जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में सभी वर्गो के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। मुख्यमंत्री जनता से सीधा संवाद करने का बड़ा प्रयास कर रहे हैं। इसमें जनमंच और 1100 सेवा संकल्प हेल्पलाइन ऐसा माध्यम बन के सामने आ रहा है। यह अपने आपमें ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य एक तरफ मुख्यमंत्री से मिलते हैं और आदर सत्कार करते हुए उनका धन्यवाद करते हैं। वह जैसे ही वहां से निकलते हैं तो सीएम के खिलाफ ही बयानबाजी शुरू कर देते हैं। ऐसे लगता है कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य में बयानों और लोक-प्रसिद्धि की प्रतियोगिता शुरू हो गई है।