तीस तक होगा भाजपा बूथ समितियों का चुनाव
प्रदेश संगठनात्मक चुनावों के सह- प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज ने संगठनात्मक चुनावों को लेकर आयोजित कार्यशाला की जानकारी देते हुए बताया कि बूथ समितियों के चुनाव 21 सितबंर से शुरू हो चुके हैं जोकि 30 सितंबर तक सम्पन्न हो जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, शिमला : भाजपा के प्रदेश संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू हो गई है। बूथ समितियों का चुनाव 30 सितंबर तक पूरा होगा। इसके बाद 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मंडल अध्यक्षों का चुनाव होगा। वहीं 11 नवंबर से 30 नवंबर तक जिलाध्यक्ष और प्रदेश परिषद सदस्यों, पहली दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए चुनाव होगा।
यह जानकारी प्रदेश संगठनात्मक चुनाव सहप्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज ने शिमला के पार्टी मुख्यालय में दी। रविवार को संगठनात्मक चुनाव के जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों व मंडल चुनाव प्रभारियों की कार्यशाला हुई। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, शिमला संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी पुरषोत्तम गुलेरिया भी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा ने उपस्थित जिला व मंडल चुनाव अधिकारियों को संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। भारद्वाज ने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव सर्वसम्मति से केंद्रीय समयसारणी के अनुसार कर लिए जाएंगे।
बैठक में विधायक सुखराम चौधरी के अलावा गणेश दत्त, रतन सिंह पाल, संदीपनी भारद्वाज, सूरत नेगी, रमेश चोजड़, पूर्व विधायक विनोद चंदेल, नरेश शर्मा, अजय श्याम, संजय सूद, ईश्वर रोहाल, राजपाल सिंह, आशुतोष वैद्य, पवन गुप्ता, प्रमोद ठाकुर, रामेश्वर शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।