पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू ने सीएम को पत्र लिखकर आयकर छूट समाप्त करने की रखी मांग, दिया यह तर्क
विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर विधायकों की आयकर छूट को समाप्त करने की मांग उठाई है।
शिमला, जेएनएन। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नादौन हलके से विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर विधायकों की आयकर छूट को समाप्त करने की मांग उठाई है। दैनिक जागरण ने प्रदेश के माननीयों का आयकर सरकार द्वारा चुकता करने का मामला उठाया था। इसके बाद सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखा है।
सुक्खू ने कहा प्रदेश मंत्रिमंडल व सभी विधायकों का आयकर राज्य सरकार द्वारा भरा जाता है। इसमें मंत्रियों, विधायकों को छूट भी मिलती है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस छूट को प्रदेश सरकार तत्काल प्रभाव से वापस ले। इस कदम से आम जनमानस में अच्छा संदेश जाएगा। विधायक के नाते मेरे इस आग्रह पर गंभीरता से गौर करें। खास और आम की धारणा खत्म करने की दिशा में सराहनीय कदम माना जाएगा। आम जनता की तरह ही जब विधायक आयकर भरेंगे तो उनकी भूमिका संदिग्ध नहीं रहेगी। जनता के मन में चुने हुए प्रतिनिधियों को लेकर बन चुकी गलत धारणा खत्म होगी। मंत्रियों, विधायकों के जीवन की पारदर्शिता बढ़ेगी व नैतिक स्तर ऊपर उठेगा।