राजधानी में दो अक्टूबर से शुरू होगी स्वच्छ शिमला मुहिम
नगर निगम शिमला ने शहर को दिवाली से पूर्व प्लास्टिक मुक्त व स्वच्छ बनाने का लक्ष्य रखा है।
जागरण संवाददाता, शिमला : नगर निगम शिमला ने शहर को दिवाली से पहले प्लास्टिक मुक्त व स्वच्छ बनाने का लक्ष्य रखा है। दो अक्टूबर से शहर को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने की मुहिम शुरू होगी। नगर निगम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुहिम का शुभारंभ करवाने की योजना बना रहा है।
स्वच्छता मुहिम में शहर के करीब 200 स्कूली बच्चों को भी शामिल किया जाएगा, जो स्कूल के आसपास और शहर की सड़कों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्कूलों द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार यह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम ने इस संबंध में स्कूलों को तिथि निर्धारित कर निगम को सौंपने की अपील की है। हालांकि कुछ स्कूलों ने निगम को यह तिथि निर्धारित कर सौंप दी है। नगर निगम का इस मुहिम में स्कूल के बच्चों को शामिल करने का उद्देश्य हर वर्ग को स्वच्छता का संदेश पहुंचाना है, ताकि शिमला शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। एनजीओ और वार्ड पार्षद भी होंगे शामिल
स्कूली बच्चों द्वारा चलाए जा रहे वार्ड स्तर के स्वच्छता अभियान के दौरान वार्ड पार्षद के अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा। बच्चों को विशेषज्ञ द्वारा स्वच्छता बनाए रखने के टिप्स दिए जाएंगे और इसके लिए उन्हें जागरूक भी किया जाएगा। स्वच्छता अभियान में नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। स्कूलों ने अपने आसपास निगम द्वारा चलाए गए अभियान की तारीख तय कर निगम को सौंप दी है। छठी से 12वीं कक्षा तक के स्कूली बच्चे इस स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। दिवाली तक शहर को प्लास्टिक व कूड़ा मुक्त बनाने के लिए दो अक्टूबर से स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। स्कूली बच्चों को इसमें शामिल किया जाना है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधकों से बात हो चुकी है।
सुरेखा चोपड़ा, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम शिमला।