केंद्रीय बजट की न कोई दिशा और न दशा : राठौर
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने केद्र सरकार के चालू वित्त वर्ष के बजट पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा है कि इस मे नया कुछ भी नही है। इस बजट की न तो कोई दिशा है और न ही कोई बेहतर दशा।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार के पेश किए बजट पर निराशा जताते हुए कहा है कि इसमें नया कुछ भी नहीं है। इस बजट की न तो कोई दिशा है और न ही कोई बेहतर दशा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा है कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के विकास के लिए इसमें कोई योजना नहीं है। प्रदेश में रेल विस्तार को भी ठेंगा दिखाया गया है। प्रदेश के लोगों को उम्मीद थी कि इस बार हिमाचल को विशेष महत्व और आर्थिक पैकेज मिलेगा, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। देश में औद्योगिक विकास के लिए भी कोई ठोस योजना नहीं है। बजट में विदेशी निवेश पर तो जोर दिया है पर देश की अपनी बाजार व्यवस्था को पूरी तरह से अनदेखा किया गया है। भाजपा ने जीएसटी के सरलीकरण का वादा किया था, पर बजट में इसका कोई उल्लेख नहीं है। प्रदेश से वित्त राज्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष होने के बावजूद केंद्रीय बजट में हिमाचल की अनदेखी से हर कोई हैरान है। कांग्रेस शासनकाल में एफडीआइ का विरोध करने वाली केंद्र सरकार आज देश में इसी को बढ़ावा दे रही है।