केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से नहीं लौटना चाहते हिमाचल कैडर के 17 आइएएस अधिकारी
himachal cadre ips officers. हिमाचल कैडर के 17 आइएएस अधिकारी प्रदेश से बाहर सेवाएं देने में दिलचस्पी रखते हैं।
शिमला, राज्य ब्यूरो। वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव रजनीश की हिमाचल वापस आने की इच्छा नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति का एक वर्ष और बढ़ा लिया है। उन्होंने हिमाचल सरकार को पूछे बिना एक साल और नई दिल्ली में नौकरी करने का जुगाड़ कर लिया है।
रजनीश ही ऐसे आइएएस अधिकारी नहीं हैं, जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस नहीं लौटना चाहते हैं। इस सूची में हिमाचल कैडर के 17 आइएएस अधिकारी शामिल हैं। ये अधिकारी हिमाचल से बाहर सेवाएं देने में दिलचस्पी रखते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्र लिखकर केंद्र सरकार से तय अवधि पूरी कर चुके आइएएस अधिकारियों को वापस भेजने का मामला उठाया था।
उन्होंने लिखा था कि प्रदेश में आइएएस अधिकारियों की कमी है। इसलिए प्रतिनियुक्ति पर गए अधिकारी वापस भेज दिए जाएं। लेकिन 1997 बैच के आइएएस अधिकारी रजनीश की इच्छा केंद्र सरकार में सेवा करने की है। वहीं, प्रदेश में ऐसे भी आइएएस अधिकारी हैं, जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से घबराते हैं।
पांच साल की प्रतिनियुक्ति
नियमानुसार पांच साल तक कोई भी आइएएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर रह सकता है। उसके बाद उसे वापस अपने संबंधित राज्य में लौटना पड़ता है। कई अधिकारी कहते हैं कि जिस तरह का काम करने का माहौल केंद्र सरकार में है, वैसा प्रदेश में नहीं। प्रदेश में कई तरह का अनावश्यक दबाव होता है, जिस कारण आइएएस अधिकारी बाहर रहना पसंद करते हैं।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं ये अधिकारी
नाम, कब गए प्रतिनियुक्ति पर
रजनीश, 2011
केके पंत, 2012
जीके श्रीवास्तव, 2012
डॉ. आशा राम सिहाग, 2013
डॉ. भारती एस सिहाग, 2013
अली रजा रिजवी, 2014
के संजय मूर्ति, 2014
भरत एच खेड़ा, 2014
आरडी नजीम, 2014
सुभाशीष पांडा, 2014
डॉ. अमनदीप गर्ग, 2014
मीरा मोहंती, 2014
ए साइनामोल, 2014
आशीष सिंहमार, 2014
अमिताभ अवस्थी, 2014
मनीष गर्ग, 2015
सी पाल रासू, 2015