बाल दिवस पर निगम के होटलों में विद्यार्थियों को 15 फीसद छूट
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने बाल दिवस के मौके पर विद्यार्थियों के लिए छूट दी है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने बाल दिवस के मौके पर विद्यार्थियों के लिए विशेष छूट दी है। प्रदेशभर में स्थित निगम के होटलों व रेस्तरां में विद्यार्थियों को खाने में 15 फीसद तक छूट दी जाएगी। पर्यटन निगम ने पहली बार इस प्रकार की छूट का ऐलान किया है। यह छूट केवल 14 नवंबर के दिन ही लागू होगी।
विद्यार्थियों को निगम के होटलों में इस छूट का लाभ लेने के लिए स्कूल से मिले पहचान पत्र को साथ लाना होगा। पहचान पत्र को होटल या रेस्तरां में खाना खाने के बाद बिल भुगतान के दौरान दिखाना होगा। हिमाचल के अलावा अन्य राज्यों के विद्यार्थियों को भी यह छूट मिलेगी। टूटीकंडी बालिका आश्रम में पकवान बनाना सीखेंगी लड़कियां
बाल दिवस पर शिमला के टूटीकंडी बालिका आश्रम में लड़किया होटलों में बनने वाले पकवान बनाने के गुर सीखेंगी। वे विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ भी उठाएंगी। इसके लिए पर्यटन विकास निगम 14 नवंबर को टूटीकंडी बालिका आश्रम में कैंप लगाएगा। इस दौरान लड़कियों को व्यंजन बनाना सिखाया जाएगा। निगम के होटलों में तैनात शैफ उन्हें व्यंजन बनाने के गुर सिखाएंगे।
लड़कियों की इच्छा के अनुसार बनेंगे व्यंजन
टूटीकंडी बालिका आश्रम में निगम विशेष शिविर लगाएगा। बाल दिवस पर लड़कियों की इच्छा के अनुसार व्यंजन बनाकर उन्हें भोजन करवाया जाएगा।
कुमुद सिंह, प्रबंध निदेशक, पर्यटन विकास निगम